जबलपुर,अनुराग शुक्ला। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के बरगी क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां रील बनाने के दौरान बरगी नहर में उतरी किशोरियां तेज बहाव की चपेट में आ गईं। यह घटना सालीवाड़ा गांव में सुबह करीब 11 बजे उस समय हुई, जब कुछ किशोरियां शादी समारोह में शामिल होने के लिए आई थीं और नहर किनारे घूमने पहुंच गईं।
जानकारी के अनुसार, पटेल परिवार की पांच लड़कियां गांव में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने आई थीं। इसी दौरान चार किशोरियां नहर में नहाने उतर गईं, जबकि एक लड़की किनारे खड़े होकर मोबाइल से रील बना रही थी। अचानक नहर का पानी तेज बहाव के साथ बढ़ा, जिससे नहाने उतरी चारों किशोरियां संतुलन खो बैठीं और बहने लगीं।
किनारे पर मौजूद लड़की ने हिम्मत दिखाते हुए एक किशोरी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन बाकी तीन किशोरियां तेज धारा में बह गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने शोर सुनकर बचाव की कोशिश की, लेकिन तब तक स्थिति नियंत्रण से बाहर हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अमला और होमगार्ड के गोताखोर मौके पर पहुंचे और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर शीतल पटेल (16 वर्ष) और सानिया पटेल (14 वर्ष) के शव बरामद कर लिए गए। वहीं 14 वर्षीय तनु पटेल की तलाश देर शाम तक जारी रही।
घटना की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। मासूम बच्चियों के शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रशासन ने इस हादसे के बाद लोगों से अपील की है कि नहर और नदी जैसे जल स्रोतों में तेज बहाव के दौरान न उतरें और ऐसे स्थानों पर वीडियो या रील बनाने से बचें, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।

