देवास,हेमंत गुर्जर। जिले के सतवास थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी। जानकारी के अनुसार रात करीब 11 बजे तीसरामील के पास बारात से लौट रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। कार में सवार सभी लोग ग्राम पलासी से ग्राम धायली की ओर जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।
हादसे की तस्वीरें इसकी भयावहता को साफ बयां कर रही हैं। कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है, उसका अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया है, छत अंदर तक दब गई है और कांच बुरी तरह टूट गए हैं। वाहन का ढांचा तक मुड़ गया, जिससे टक्कर की तीव्रता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
इस हादसे में कार चालक गोलू उर्फ नारायण पिता रामकिशन, उम्र करीब 25 वर्ष, निवासी खातेगांव की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं कार में सवार चार अन्य लोग घायल हो गए, जिन्हें तत्काल शासकीय अस्पताल सतवास पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार मृतक के शव का पोस्टमार्टम कर उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, वहीं प्रारंभिक आशंका तेज रफ्तार और वाहन अनियंत्रित होने की जताई जा रही है।

