खेलो एमपी यूथ गेम्स में बड़ामलहरा की सानिया मिर्ज़ा का चयन

Advertisement
बड़ामलहरा (लोकेन्द्र सिंह)। खेलो एमपी यूथ गेम्स के अंतर्गत आयोजित ब्लॉक/जिला स्तर की प्रतियोगिताओं में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बड़ामलहरा की कक्षा 11वीं की प्रतिभाशाली छात्रा कुं. सानिया मिर्ज़ा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर के लिए चयनित होकर पूरे क्षेत्र का सिर ऊंचा किया है।
खेल एवं युवा विभाग के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर धीरज चौबे ने बताया कि कुं. सानिया मिर्ज़ा, पिता नफीस बेग, निवासी बड़ामलहरा हैं। सानिया ने अपनी मेहनत, अनुशासन और लगन से यह मुकाम हासिल किया है, जिससे विद्यालय परिवार, शिक्षकगण और पूरे नगर में हर्ष की लहर दौड़ गई है।
शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की प्राचार्य स्मिता अग्रवाल एवं खेल प्रशिक्षकों ने सानिया की इस उपलब्धि की खुलकर सराहना की है। उन्होंने कहा कि सानिया की कड़ी मेहनत और समर्पण भावना प्रेरणादायक है तथा उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं।
छात्रा के राज्य स्तर पर चयन पर परिजनों, सहपाठियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नगरवासियों ने बधाईयां दी हैं। सभी ने उम्मीद जताई है कि सानिया राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर छतरपुर जिले एवं बड़ामलहरा का नाम पूरे प्रदेश में रोशन करेंगी।
प्रशिक्षक मोहनी चतुर्वेदी के नेतृत्व में सभी चयनित प्रतिभागी छतरपुर से भोपाल के लिए रवाना हो चुके हैं, जहां राज्य स्तरीय मुकाबले होने हैं।
यह उपलब्धि खेलो एमपी यूथ गेम्स की सफलता और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने वाली पहल का जीता-जागता प्रमाण है। बड़ामलहरा वासियों में अब राज्य स्तर पर सानिया के स्वर्णिम प्रदर्शन की चर्चा जोरों पर है।
