भोपाल। मध्य प्रदेश में 20 मई को दवा दुकानों की हड़ताल रहेगी। भोपाल में 3 हजार से ज्यादा मेडिकल स्टोर बंद रहेंगे। ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स ने ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में यह बंद बुलाया है। भोपाल केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष जितेंद्र धाकड़ ने बताया कि जिले के सभी रिटेल और थोक दवा व्यवसायी इस बंद का समर्थन करेंगे और 20 मई को अपनी दुकानें बंद रखेंगे।
एसोसिएशन का कहना है कि ऑनलाइन दवा बिक्री आम लोगों की सेहत से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। उनका दावा है कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए नकली, एक्सपायरी और गलत दवाओं के वितरण की आशंका बढ़ रही है, जिससे मरीजों की जान को खतरा हो सकता है। हालांकि अस्पतालों के अंदर संचालित मेडिकल स्टोर्स को इस बंद से बाहर रखा गया है, ताकि मरीजों को इलाज और जरूरी दवाओं में परेशानी न हो। एसोसिएशन ने लोगों से अपील की है कि वे 20 मई से पहले अपनी जरूरत की दवाएं खरीद लें, खासकर जिन घरों में बुजुर्ग, हृदय रोगी, शुगर या बीपी के मरीज हैं।
प्रमुख मांगें
ऑनलाइन दवा बिक्री पर सख्त नियंत्रण
कॉरपोरेट कंपनियों द्वारा भारी डिस्काउंट पर रोक
नकली और बिना निगरानी वाली दवाओं पर सख्त कार्रवाई




