सावधान! इंदौर में AI 'डीपफेक' से बड़ी ठगी: डिजिटल किडनैपिंग कर परिवार से ऐंठे 1 लाख से ज्यादा

Advertisement
इंदौर, रविकांत वर्मा । इंदौर में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां ठगों ने AI तकनीक का इस्तेमाल कर नाबालिग बच्चे की फर्जी किडनैपिंग दिखाते हुए परिवार से 1 लाख 2 हजार रुपये ठग लिए। पीड़िता एक अधिवक्ता हैं, जो अपने पति के साथ शिकायत लेकर क्राइम ब्रांच पहुंचीं।
पीड़िता ने बताया कि कुछ दिन पहले उनका 16 वर्षीय बेटा बिना बताए घर से चला गया था। तलाश के दौरान परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की। इसी बीच एक वीडियो कॉल आया, जिसमें उनके बेटे जैसा दिखने वाला चेहरा दिखाकर उसके गले पर चाकू जैसा हथियार रखे होने का दृश्य दिखाया गया। कॉल करने वाले ने तुरंत पैसे ट्रांसफर करने की धमकी दी।
बेटे की जान के डर से घबराए माता-पिता ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 1,02,000 रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में पता चला कि बेटा दोस्तों के साथ राजस्थान के मंडफिया स्थित सांवरिया सेठ मंदिर गया हुआ था और उसके साथ कोई अनहोनी नहीं हुई।
इस मामले में डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया ने बताया कि यह संभवतः प्रदेश या देश का पहला मामला हो सकता है, जहां AI की मदद से वीडियो कॉल पर फर्जी किडनैपिंग का दृश्य बनाकर ठगी की गई हो। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वीडियो कॉल या धमकी भरे कॉल पर घबराएं नहीं, पहले उसकी पुष्टि करें और तुरंत नजदीकी थाने या क्राइम ब्रांच से संपर्क करें।
