गुवाहाटी। असम के स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल ने शनिवार को घोषणा की कि गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (जीएमसीएच) ने सफलतापूर्वक लिवर ट्रांसप्लांट किया है। उन्होंने बताया कि पूर्वोत्तर भारत के किसी सरकारी अस्पताल में होने वाली यह अपनी तरह की पहली सर्जरी है।16 घंटे तक चली यह सर्जरी डॉ. सेंथिल कुमार के नेतृत्व में की गई। स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा, "मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (जीएमसीएच) में कल रात डॉ. सेंथिल कुमार की टीम के नेतृत्व में सफलतापूर्वक लिवर ट्रांसप्लांट किया गया।"
उन्होंने कहा, "इसमें 16 घंटे का समय लगा। लिवर लेने वाले और देने वाले, दोनों की हालत में सुधार हो रहा है और वे आईसीयू में हैं। मैं उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। साथ ही, पूर्वोत्तर के सरकारी क्षेत्र में इस तरह का पहला लिवर ट्रांसप्लांट करने के लिए मैं गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल की टीम की तारीफ करता हूं और उन्हें बधाई देता हूं।"
इससे पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ने मेडिकल टीम को बधाई दी और कहा यह उपलब्धि जीएमसीएच और असम की चिकित्सा सेवाओं के लिए एक बड़ा मील का पत्थर है। उन्होंने यह भी भरोसा जताया कि मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में राज्य आगे भी ऐसे ही मील के पत्थर हासिल करता रहेगा।
वहीं, अशोक सिंघल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "असम की स्वास्थ्य सेवा यात्रा में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर। किसी सरकारी अस्पताल में पूर्वोत्तर के पहले लिवर ट्रांसप्लांट को सफलतापूर्वक संपन्न करना असम के लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। 16 घंटे तक चली यह जटिल प्रक्रिया, हमारे डॉक्टरों, विशेषज्ञों और क्लिनिकल टीमों के असाधारण कौशल, समर्पण और बेहतरीन तालमेल का प्रमाण है।"
उन्होंने 'एक्स' पोस्ट में कहा, "मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के दूरदर्शी नेतृत्व में, हमने स्थानीय स्तर पर उन्नत ट्रांसप्लांट इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने का मिशन शुरू किया था। आज की यह सफलता तो बस एक शुरुआत है। हम हर नागरिक के लिए विश्व-स्तरीय और विशेष स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहे हैं।"

















