छतरपुर। बुंदेलखंड की माटी से निकलकर अपनी नेतृत्व क्षमता का लोहा मनवाने वाली युवा अधिवक्ता अंकिता विश्वकर्मा ने प्रदेश की राजनीति में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उनकी सक्रियता और युवाओं के प्रति उनके समर्पण को देखते हुए उन्हें मध्यप्रदेश भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) में युवती नेतृत्व प्रदेश सह प्रभारी नियुक्त किया है।
युवाओं की मुखर आवाज बनीं अंकिता
अंकिता विश्वकर्मा पेशे से अधिवक्ता हैं और लंबे समय से युवाओं, विशेषकर युवतियों के अधिकारों और उनके सामाजिक उत्थान के लिए संघर्षरत रही हैं। छतरपुर से निकलकर प्रदेश स्तर पर अपनी पहचान बनाने वाली अंकिता को इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने से क्षेत्र के कार्यकर्ताओं में हर्ष की लहर है। उनके समर्थकों का कहना है कि अंकिता की यह नियुक्ति केवल एक पद नहीं, बल्कि उनकी मेहनत और निष्ठा का प्रतिफल है। वहीं मध्य प्रदेश भारतीय जनता युवा मोर्चा में युवती नेतृत्व प्रदेश सह प्रभारी नियुक्त होने के बाद अधिवक्ता अंकिता विश्वकर्मा ने भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की है।
यह जिम्मेदारी मेरे लिए सेवा का एक नया अवसर है। मैं प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करती हूँ और पूरी निष्ठा के साथ युवतियों को सशक्त बनाने और संगठन की मजबूती के लिए कार्य करूंगी।
-अंकिता विश्वकर्मा, प्रदेश सह प्रभारी (युवती नेतृत्व)

