मंंदसौर,ललित शंकर। शहर में चाकूबाजी की घटना में युवक की मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया है। घटना के विरोध में समाजजन सड़कों पर उतर आए और गांधी चौराहे पर शव यात्रा रोककर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। जानकारी के अनुसार, गांधी चौराहे पर हुए विवाद के दौरान चाकूबाजी में युवक अरुण गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे उपचार के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है।


घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पूरी वारदात कैद होने की बात कही जा रही है। पुलिस ने मामले में कुछ आरोपियों की पहचान की है, जिनमें रोहित चौहान, युवराज माली और सुमित माली के नाम सामने आए हैं। साथ ही अन्य लोगों की संलिप्तता की आशंका भी जताई जा रही है। घटना के विरोध में बरगुंडा समाज के लोग बड़ी संख्या में एकत्रित हुए और गांधी चौराहे पर प्रदर्शन किया। समाजजन ने शव यात्रा को बीच में रोककर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने पुलिस अधीक्षक के नाम एक ज्ञापन सीएसपी को सौंपा।


ज्ञापन में समाज के लोगों ने कहा कि घटना के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों में भारी रोष है। उन्होंने मांग की कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और उनके मकानों पर बुल्डोजर की कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही समाजजन ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी भी देखने को मिली।


मौके पर मौजूद सीएसपी ने समाज के लोगों को आश्वासन दिया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। घटना के बाद से शहर में तनाव का माहौल बना हुआ है।