बकस्वाहा,राजू दुबे। जिले के बकस्वाहा क्षेत्र में एक बार फिर स्वास्थ्य सेवाओं की लचर व्यवस्था सामने आई है, जहां सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को समय पर एम्बुलेंस सुविधा नहीं मिल सकी। जानकारी के अनुसार सेमरा सनौदा निवासी 46 वर्षीय माधव लोधी हीरापुरा से बकस्वाहा की ओर आ रहे थे, तभी दुल्हादेव मंदिर के पास एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए।


घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल माधव लोधी को बकस्वाहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉ. मनीष द्वारा उनका प्राथमिक उपचार किया गया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन इसके बाद जो स्थिति सामने आई, उसने पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए।


बताया गया कि अस्पताल प्रशासन ने एम्बुलेंस के लिए संपर्क किया, लेकिन करीब तीन घंटे तक इंतजार करने के बावजूद कोई एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। अंततः परिजनों और स्थानीय लोगों को मजबूर होकर निजी वाहन की व्यवस्था करनी पड़ी और उसी के जरिए घायल को जिला अस्पताल भेजा गया।


इस घटना ने बकस्वाहा क्षेत्र में एम्बुलेंस सेवाओं की बदहाल स्थिति को उजागर कर दिया है। आए दिन मरीजों को समय पर एम्बुलेंस न मिलने से गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय नागरिकों ने स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि एम्बुलेंस व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर इलाज मिल सके।