छतरपुर। छतरपुर स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने वेस्ट ज़ोन नेशनल रोल बॉल चैम्पियनशिप 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। यह प्रतियोगिता 20-21 अप्रैल 2026 को अहमदाबाद में आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता में विद्यालय के विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने भाग लिया। अंडर-11 बालक वर्ग में अर्चित तिवारी, अंडर-11 बालिका वर्ग में अनाया गोस्वामी, अंडर-14 बालक वर्ग में दिव्यांश दुबे और अंडर-14 बालिका वर्ग में पंखुड़ी रावत एवं डिंपल जैन ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस प्रतियोगिता की सबसे खास उपलब्धि यह रही कि सागर संभाग से पहली बार अंडर-11 बालिका वर्ग में अनाया गोस्वामी का राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन हुआ। वहीं अनाया गोस्वामी, पंखुड़ी रावत और डिंपल जैन ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किए। इस सफलता के पीछे रोल बॉल कोच पूजा त्रिपाठी का विशेष मार्गदर्शन और निरंतर प्रशिक्षण रहा, जिनके नेतृत्व में खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। विद्यालय परिवार में इस उपलब्धि को लेकर हर्ष का माहौल है।
अब विद्यालय के खिलाड़ी आगामी सीनियर वेस्ट ज़ोन नेशनल रोल बॉल चैम्पियनशिप में भी भाग लेंगे, जो 2-3 मई 2026 को उदयपुर में आयोजित होगी। इसमें अंडर-17 बालक वर्ग से तपिश बागरी और ओम श्रीवास, जबकि अंडर-17 बालिका वर्ग से भक्ति अग्निहोत्री विद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगी। विद्यालय प्रबंधन, प्राचार्य और स्टाफ ने सभी खिलाड़ियों, अभिभावकों और कोच को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

