श्योपुर, उत्तम सिंह। मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर गेहूं खरीदी के दौरान किसानों के शोषण का मामला सामने आया है। तहसील बड़ौदा के ग्राम मूंडला निवासी किसान महेंद्र मीणा ने खरीदी केंद्र पर अवैध वसूली और अनियमितताओं की शिकायत की है।जानकारी के अनुसार, किसान 20 अप्रैल 2026 को स्लॉट बुकिंग के बाद अपनी गेहूं की उपज लेकर सलमान्या साइलो खरीदी केंद्र पहुंचे थे। यहां कर्मचारियों ने गुणवत्ता खराब बताकर गेहूं रिजेक्ट कर दिया। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने गेहूं पास कराने के नाम पर पैसों की मांग की।
किसान के मुताबिक, मजबूरी में उसने ₹500 नकद और ₹1000 फोनपे के जरिए कुल ₹1500 उस व्यक्ति को दिए। इसके बाद उक्त व्यक्ति ने साइलो केंद्र के अंदर जाकर कुछ ही समय में गेहूं पास करवा दिया, जिससे पूरे मामले में मिलीभगत और भ्रष्टाचार की आशंका जताई जा रही है।इस संबंध में किसान ने बड़ौदा तहसीलदार एस.डी. राठौर को आवेदन सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान किसान नेता राधेश्याम मीणा भी मौजूद रहे। घटना के बाद जिले में गेहूं खरीदी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गए हैं। किसानों ने प्रशासन से खरीदी केंद्रों पर हो रही अनियमितताओं और अवैध वसूली पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।

