बैतूल, सुरेन्द्र बावने । चिचोली के जीन-दनोरा स्थित हनुमंत शुगर प्राइवेट लिमिटेड पर दूसरे ब्रांड के नाम, पैकेजिंग, रंग संयोजन और डिजाइन का उपयोग कर शक्कर बेचने के आरोप लगे हैं। इस मामले में मंदसौर की एक कंपनी ने खाद्य विभाग और पुलिस से शिकायत कर जांच एवं कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के बाद केंद्रीय खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शुगर मिल पहुंचकर शक्कर के नमूने एकत्र किए हैं, जिन्हें जांच के लिए मुंबई स्थित मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता पक्ष का आरोप है कि मिल द्वारा बाजार में ऐसे लेबल का उपयोग किया जा रहा है, जो उनके ब्रांड से मिलता-जुलता है। इससे उपभोक्ताओं के बीच भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। केंद्रीय खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने जांच के दौरान मिल प्रबंधन को बिक्री एवं उत्पाद वितरण से संबंधित आवश्यक निर्देश भी दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शिकायतकर्ता पक्ष के अधिवक्ता विनायक ज्ञानचंदानी ने बताया कि खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई के साथ-साथ नकली लेबल के उपयोग के मामले में पुलिस में भी शिकायत दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर एफआईआर दर्ज होने की स्थिति में मिल प्रबंधन को कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।




