अमरपाटन/मैहर,नरेंद्र । मैहर जिले में अवैध उत्खनन और खनिज के अवैध परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने अपनी सख्ती बढ़ा दी है। शुक्रवार को मैहर कलेक्टर रानी बाटड़ के विशेष निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने अमरपाटन क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान अवैध रेत का परिवहन कर रहे तीन भारी वाहनों (हाइवा) को जप्त किया गया है।
नियमों की उड़ी थीं धज्जियां जानकारी के अनुसार, खनिज विभाग की टीम ने अमरपाटन क्षेत्र में घेराबंदी कर वाहनों की चेकिंग की। इस दौरान तीन हाइवा वाहन ऐसे पाए गए जो बिना किसी वैध परमिशन (टीपी) के रेत का परिवहन कर रहे थे। इसके अलावा, ये वाहन निर्धारित क्षमता से कहीं अधिक 'ओवरलोड' भी थे। परिवहन नियमों का सरेआम उल्लंघन पाए जाने पर विभाग ने तत्काल चलानी कार्रवाई शुरू की।
कलेक्टर के सख्त तेवर मैहर कलेक्टर रानी बाटड़ ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में किसी भी प्रकार का अवैध खनिज परिवहन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी क्रम में खनिज अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए जप्त किए गए तीनों हाइवा वाहनों को सुरक्षार्थ हेतु थाना अमरपाटन के सुपुर्द कर दिया है।
क्षेत्र में हड़कंप खनिज विभाग की इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के रेत माफियाओं और अवैध परिवहन में लिप्त कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी इस तरह की औचक जांच और दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि अवैध उत्खनन पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।



