नौगांव(कमल यादव)। नौगांव में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। एसडीएम गोपाल शरण पटेल के नेतृत्व में बिलहरी क्षेत्र में स्थित एक आरओ पानी प्लांट के पास छापामार कार्रवाई कर 13 खाली घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों की खरीद-फरोख्त करने वालों में हड़कंप मच गया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रशासन को पिछले कई दिनों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि नौगांव क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध तरीके से खरीद-फरोख्त कर उन्हें व्यावसायिक उपयोग में लिया जा रहा है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान आरओ पानी प्लांट के पास संदिग्ध स्थिति में रखे 13 खाली घरेलू गैस सिलेंडर बरामद हुए, जिन्हें प्रशासन ने तत्काल जब्त कर लिया।


बताया जा रहा है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग कई स्थानों पर अवैध रूप से व्यावसायिक कार्यों में किया जा रहा था, जिससे शासन की योजनाओं का दुरुपयोग हो रहा था। प्रशासन अब यह पता लगाने में जुटा है कि ये सिलेंडर कहां से लाए गए और किन लोगों द्वारा इनका उपयोग किया जा रहा था। मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ भी की जा रही है और संबंधित व्यक्तियों की पहचान की जा रही है। एसडीएम गोपाल शरण पटेल ने स्पष्ट कहा कि गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग केवल घरेलू कार्यों के लिए ही किया जाना चाहिए। यदि कोई व्यक्ति इनका अवैध भंडारण या व्यापार करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है और लोगों ने उम्मीद जताई है कि ऐसी सख्त कार्रवाइयों से गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर अंकुश लगेगा। प्रशासन ने भी संकेत दिए हैं कि आगे भी इस तरह की जांच और छापामार कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।