सागर। सागर जिले में पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाहों के बीच कलेक्टर संदीप जी आर ने स्पष्ट किया है कि जिले में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और सप्लाई पूरी तरह सामान्य है। उन्होंने पेट्रोल पंप संचालकों और ऑयल कंपनियों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर स्थिति का जायजा लिया और कहा कि आमजन अफवाहों पर ध्यान न दें। बैठक में बताया गया कि सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल-डीजल उपलब्ध है और मांग के अनुसार लगातार आपूर्ति की जा रही है। ऑयल कंपनियों के अधिकारियों ने भी भरोसा दिलाया कि कंपनियों के पास भी पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और सप्लाई चेन मजबूत है। हालांकि अफवाहों के कारण कुछ स्थानों पर भीड़ बढ़ रही है, जिससे अनावश्यक दबाव बन रहा है।


कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है और वाहनों में अतिरिक्त ईंधन का अनावश्यक भंडारण न करें। उन्होंने कहा कि सामान्य दिनों की तरह ईंधन की उपलब्धता बनी हुई है और भविष्य के लिए भी पर्याप्त स्टॉक सुरक्षित है। साथ ही कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे लगातार पेट्रोल पंपों की मॉनिटरिंग करें और किसी भी तरह की कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के प्रतिनिधियों से स्टॉक का नियमित डेटा साझा करने और ग्रामीण क्षेत्रों तक आपूर्ति मजबूत करने को कहा।


कलेक्टर ने जिला आपूर्ति विभाग को निर्देशित किया कि एसडीएम और तहसीलदार के साथ मिलकर सभी पंपों पर निगरानी रखें और ब्लैक मार्केटिंग करने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करें, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।