मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। मध्य प्रदेश के मंदसौर शहर में युवती के साथ नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का गंभीर मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार आरोपी ने युवती को रजनीगंधा में नशीला पदार्थ मिलाकर खिलाया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसी दौरान आरोपी ने उसके आपत्तिजनक वीडियो बना लिए और बाद में इन्हीं वीडियो के जरिए उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।


पीड़िता के अनुसार आरोपी लगातार वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उस पर दबाव बनाता रहा। 18 अप्रैल को आरोपी ने एक बार फिर अश्लील वीडियो भेजकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। इसके बाद 20 अप्रैल को आरोपी ने युवती को मिलने के लिए बुलाया और दोबारा जबरदस्ती करने की कोशिश की। जब युवती ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसके हाथ में चोट आई। हालांकि साहस दिखाते हुए युवती किसी तरह मौके से भागने में सफल रही।


घटना के बाद पीड़िता ने मामले की शिकायत कोतवाली थाना मंदसौर में दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जुनैद को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है।