मैहर/अमरपाटन, नरेन्द्र पटेल। मैहर जिले के ताला थाना क्षेत्र के ग्राम टेढ़वा में खरीदी गई कृषि भूमि पर धान की रोपाई रुकवाने का मामला सामने आया है। ग्राम टेढ़वा निवासी अनोज मिश्रा ने मुकंदपुर चौकी में लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया है कि उनकी विधिवत खरीदी गई जमीन पर धान की रोपाई कराने पहुंचे मजदूरों को गांव के कुछ लोगों ने धमकाकर खेत से भगा दिया, जिससे खेती का कार्य बाधित हो गया।
पीड़ित अनोज मिश्रा के अनुसार उन्होंने अपनी खरीदी हुई कृषि भूमि पर धान की रोपाई के लिए मजदूर बुलाए थे। मजदूर खेत में काम शुरू करने ही वाले थे कि गांव के कुछ लोग मौके पर पहुंच गए और रोपाई का कार्य रुकवा दिया। आरोप है कि संबंधित लोगों ने मजदूरों पर दबाव बनाया, जिसके कारण वे बिना काम किए ही वापस लौट गए। इससे समय पर रोपाई नहीं हो सकी और आर्थिक नुकसान की आशंका उत्पन्न हो गई।
आवेदन में अनोज मिश्रा ने कौशल प्रसाद मिश्रा, कमलेश मिश्रा, अमन मिश्रा, पीयूष मिश्रा, खुशी मिश्रा, रामावतार मिश्रा, दीपक मिश्रा, सुदीप मिश्रा, राजेंद्र मिश्रा, ज्ञानेंद्र मिश्रा एवं शुभम मिश्रा पर रोपाई कार्य में बाधा डालने और उनकी भूमि पर खेती करने से रोकने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इस घटना से उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक परेशानी भी झेलनी पड़ रही है।
पीड़ित ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करने तथा खरीदी गई भूमि पर निर्बाध खेती करने के लिए सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
वहीं, ताला थाना पुलिस ने आवेदन प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के तथ्यों एवं उपलब्ध दस्तावेजों की जांच के बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




