सतना,अंबिका केशरी। जिले के कोटर थाना क्षेत्र से नाबालिग बालिका के अपहरण मामले में गिरफ्तार आरोपी प्रसू सिंह बघेल का ऐसा चेहरा सामने आया, जिसने उसकी मानसिकता पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए। एक ओर जहां पुलिस उसे कानून के दायरे में ला चुकी है, वहीं दूसरी ओर आरोपी का रवैया अब भी बेखौफ और बेलगाम नजर आया। महाराष्ट्र के नागपुर से दस्तयाब की गई बालिका के साथ सतना लाए गए आरोपी का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया। लेकिन यहां आरोपी ने जिस तरह का व्यवहार किया उसने सभी को हैरान कर दिया। जैसे ही मीडिया कर्मी कवरेज के लिए पहुंचे और उसकी तस्वीरें लेना शुरू किया आरोपी आपा खो बैठा। आरोपी ने न केवल पत्रकारों से उलझते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया बल्कि आसपास मौजूद लोगों के प्रति भी असभ्य और आक्रामक व्यवहार दिखाया। उसके हावभाव और शब्दों से साफ झलक रहा था कि कानून का खौफ उस पर बिल्कुल भी नहीं है। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया। यदि समय रहते पुलिस सक्रियता नहीं दिखाती तो माहौल और अधिक बिगड़ सकता था। आरोपी को कड़ी निगरानी में रखते हुए मेडिकल प्रक्रिया पूरी कराई गई। मेडिकल परीक्षण के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। अदालत के इस फैसले से यह साफ संकेत गया है कि कानून के सामने किसी भी तरह की दबंगई या बदसलूकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गौरतलब है कि आरोपी पर नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने का गंभीर आरोप है। पुलिस इस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। बालिका का मेडिकल परीक्षण पहले ही कराया जा चुका है और वह सुरक्षित है। फिलहाल आरोपी का यह आक्रामक और असंयमित व्यवहार न सिर्फ उसकी मंशा पर सवाल उठाता है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कितनी जरूरी है।
नाबालिग के अपहरण और रेप का आरोपी गिरफ्तार

Saurabh Shukla
10 अगस्त 2026, 06:13 pm IST
Saurabh Shukla10 अगस्त 2026, 06:13 pm IST



