मैहर में पुलिस पर बर्बरता के आरोप, युवक का टूटा पैर ..

Advertisement
मैहर,प्रशांत शुक्ला । जिले के बदेरा थाना क्षेत्र में पुलिस पर बर्बर मारपीट के गंभीर आरोप लगने से हड़कंप मच गया है। ग्राम भदनपुर निवासी मुकेश साकेत (30) ने आरोप लगाया है कि पुलिसकर्मियों ने उसे थाने बुलाकर बेरहमी से पीटा, जिससे उसका पैर फ्रैक्चर हो गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कर न्याय की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार 3 मार्च 2026 की शाम रामभजन प्रजापति और प्रमोद कोल ने पारधी समुदाय के कुछ लोगों पर लूटपाट का आरोप लगाते हुए बदेरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने दोनों का मेडिकल परीक्षण कराया और 4 मार्च को दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया। पूछताछ के दौरान दोनों ने पुलिस को बताया कि वे मुकेश साकेत के ईंट भट्ठे पर काम करते हैं और कथित रूप से लूटा गया पैसा उसी से लिया था।
इसके बाद पुलिस ने बयान दर्ज करने के लिए मुकेश साकेत को थाने बुलाया। पीड़ित मुकेश साकेत का आरोप है कि थाने पहुंचते ही पुलिसकर्मी उसे एक बोलेरो वाहन के पीछे ले गए और बेरहमी से मारपीट की। मारपीट इतनी गंभीर थी कि उसका पैर टूट गया।
पीड़ित पक्ष का दावा है कि घटना के चार चश्मदीद गवाह मौजूद हैं और मेडिकल रिपोर्ट में भी पैर फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है। घटना के बाद परिजनों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कर निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
वहीं बदेरा थाना प्रभारी ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि युवक नशे की हालत में छीनाझपटी के दौरान गिरकर घायल हुआ है। फिलहाल मामला तूल पकड़ता जा रहा है और क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।


