छतरपुर,विनोद मिश्रा। जिले के गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां शादी समारोह से लौट रहे तीन युवकों की बाइक को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।


जानकारी के अनुसार निवारी गांव निवासी मोनू अहिरवार (23), राहुल अहिरवार (23) और मनोज रैकवार (25) उत्तर प्रदेश के श्रीनगर में एक विवाह कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। बताया जा रहा है कि शादी समारोह के दौरान तीनों ने शराब का सेवन किया और देर रात बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान ऊजरा के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। घायल मोनू अहिरवार ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक मौके पर ही बेहोश हो गए। उन्होंने यह भी बताया कि राहुल अहिरवार की 28 अप्रैल को बारात जानी थी और वे उसी सिलसिले में शादी में शामिल होने गए थे। जहां एक ओर शादी की खुशियां थीं, वहीं इस हादसे ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया है। घटना की सूचना मिलते ही राहगीरों ने तुरंत एंबुलेंस को बुलाया, जिसके बाद तीनों घायलों को जिला अस्पताल छतरपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार तीनों के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं और उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।