छतरपुर,संतोष शिवहरे। छतरपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक 60 वर्षीय व्यक्ति के संदिग्ध रूप से लापता होने का मामला सामने आया है। प्रभु प्रकाश खरे नामक व्यक्ति सुबह करीब 7 बजे बिना किसी को बताए घर से निकल गए थे। उनके बेटे राहुल खरे ने जानकारी देते हुए बताया कि परिवार को उनके बाहर जाने की कोई पूर्व जानकारी नहीं थी, जिससे चिंता और बढ़ गई है।
कुछ समय बाद किशोर सागर तालाब के अंदर सीढ़ियों के पास उनकी छड़ी और चप्पल मिली, जिसकी पहचान परिजनों ने की है। छड़ी पर उनका नाम, मोबाइल नंबर और पता भी लिखा हुआ था, जिससे उनकी पहचान सुनिश्चित हो सकी। यह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वे वहां कैसे पहुंचे और इसके पीछे क्या कारण हो सकता है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। साथ ही SDRF की टीम को भी बुलाया गया, जो तालाब में व्यक्ति की तलाश में जुटी हुई है। फिलहाल पुलिस और राहत दल मिलकर हर संभावित एंगल से जांच कर रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।

