जिला स्तरीय जनसुनवाई में 319 आवेदन, लापरवाह अधिकारियों पर गिरी गाज

Advertisement
देवरी कला, त्रिवेन्द्र । सागर जिले के कलेक्टर संदीप जी आर के निर्देश पर उनकी अनुपस्थिति में अपर कलेक्टर अविनाश रावत ने मंगलवार को देवरी तहसील कार्यालय में जिला स्तरीय जनसुनवाई आयोजित की। जनसुनवाई में कुल 319 आवेदन प्राप्त हुए।
प्राप्त आवेदनों में नगर पालिका परिषद, राजस्व विभाग, जनपद पंचायत, लोक निर्माण विभाग, कृषि विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पीएचई विभाग, पुलिस विभाग सहित अन्य विभागों से संबंधित समस्याएं शामिल रहीं। अपर कलेक्टर अविनाश रावत ने कई आवेदनों का मौके पर निराकरण कराया, जबकि शेष प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान जहां अपर कलेक्टर आमजन की समस्याओं के समाधान में सक्रिय नजर आए, वहीं विशेष जनसुनवाई में कुछ विभागों के अधिकारियों की लापरवाही भी सामने आई। बताया गया कि कुछ अधिकारी अपने मोबाइल फोन पर गेम खेलते तथा फेसबुक-इंस्टाग्राम चलाते दिखाई दिए, जबकि कुछ अधिकारी जनसुनवाई के दौरान नींद की झपकियां लेते नजर आए। अधिकारियों के इस व्यवहार को लेकर आमजन में असंतोष देखा गया।
प्रशासनिक हलकों में इस लापरवाही पर संज्ञान लेने और भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सख्त निर्देश जारी किए जाने की अपेक्षा जताई जा रही है।
