मुरैना। जिले के अहरौली गांव में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव स्थित माता मंदिर की पुरानी छत अचानक गिरने से मलबे में दबकर तीन मासूम बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बच्चियां और एक दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए।


प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा रविवार दोपहर करीब 2 बजे उस समय हुआ, जब मंदिर में गुंबद निर्माण के लिए पुरानी छत तोड़ी जा रही थी। इसी दौरान छत की पटिया भरभराकर नीचे गिर गई। बताया गया है कि गांव निवासी सतीश गौड अपनी पत्नी पृथ्वी गौड के साथ मंदिर में प्रसाद चढ़ाने आए थे। उन्होंने प्रसाद देने के लिए पास में मौजूद कुछ बच्चियों को भी मंदिर के भीतर बुला लिया। तभी अचानक पुरानी छत की पटिया गिर गई, जिसकी चपेट में आकर नीचे बैठी बच्चियां मलबे में दब गईं।


हादसे में मृत बच्चियां

वैष्णवी सिकरवार (11), पुत्री जीतू सिकरवार

छाया गोस्वामी (7), पुत्री अशोक गोस्वामी

करिश्मा गोस्वामी (9), पुत्री अशोक गोस्वामी


हादसे में घायल

गुंजन (12), पुत्री योगेंद्र सिंह

परी (8), पुत्री योगेंद्र सिंह

विद्या (6), पुत्री योगेंद्र सिंह

सतीश गौड

पृथ्वी गौड


हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।