इंदौर, रविकांत वर्मा। इंदौर के तुकोगंज थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 28 वर्षीय युवती ने अपने सौतेले पिता पर दुष्कर्म और मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने पहले शराब के नशे में उसके साथ मारपीट की और फिर अगले दिन घर में अकेला पाकर जबरदस्ती दुष्कर्म किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।


दरअसल इंदौर के तुकोगंज थाना इलाके में एक युवती ने अपने सौतेले पिता राकेश के खिलाफ दुष्कर्म और प्रताड़ना की शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता के मुताबिक 6 मई की रात आरोपी शराब के नशे में घर पहुंचा और बिना किसी बात के गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट करने लगा। उस समय युवती ने सामाजिक बदनामी के डर से मामला शांत कर दिया। पीड़िता ने बताया कि अगले दिन सुबह जब घर में अकेली थी, तभी आरोपी ने उसे जबरदस्ती पकड़कर दूसरे कमरे में ले गया और डरा-धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती के अनुसार आरोपी ने कुछ देर बाद दोबारा गलत हरकत करने की कोशिश की, लेकिन वह किसी तरह वहां से बचकर अपनी बहन के पास पहुंची। बहन को पूरी घटना बताने के बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर तुकोगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी को हिरासत में लेने की कार्रवाई शुरू कर दी है।