इंदौर में नीट की तैयारी कर रहे 20 वर्षीय छात्र ने की आत्महत्या

Advertisement
इंदौर। शहर में रहकर नीट की तैयारी कर रहे 20 वर्षीय छात्र ने गुरुवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्र पूरे दिन अपने किराए के कमरे से बाहर नहीं निकला, जिसके बाद मकान मालिक ने पुलिस और परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे की तलाशी ली, लेकिन कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। मामले की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान योगेश डाबर (20) पुत्र मूलचंद डाबर के रूप में हुई है। वह खंडवा नाका क्षेत्र में किराए के कमरे में रहकर पढ़ाई कर रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
मोबाइल जब्त, हर पहलू से जांच
पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन जब्त किया है, जो लॉक अवस्था में मिला है। फिलहाल मोबाइल से कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी है। अधिकारियों का कहना है कि आत्महत्या के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है।
परिजनों से एक दिन पहले हुई थी बात
मृतक के पिता मूलचंद डाबर ने बताया कि वे बड़वानी जिले के निवासी हैं और एमपीईबी में कार्यरत हैं। योगेश पिछले दो वर्षों से इंदौर में रहकर नीट की तैयारी कर रहा था। घटना से एक दिन पहले ही परिवार से उसकी मोबाइल पर बातचीत हुई थी, जिसमें किसी तरह की परेशानी का जिक्र नहीं हुआ था।
कमरे में था अकेला
बताया जा रहा है कि योगेश के साथ कमरे में एक दोस्त भी रहता था, लेकिन वह कुछ दिन पहले अपने गांव गया हुआ था। घटना के समय योगेश कमरे में अकेला था।
पढ़ाई के दबाव की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि छात्र पढ़ाई के दबाव में हो सकता है। हालांकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
