देवास,हेमंत गुर्जर। जिले के पूंजापुरा क्षेत्र के ग्राम भीकुपुरा में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 17 वर्षीय किशोर ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि मृतक अपनी मां के साथ हुई गंभीर घटना से बेहद आहत था। परिजनों के अनुसार, मृतक की मां के साथ हुए दुष्कर्म की शिकायत बीती रात थाना उदयनगर में दर्ज कराने का प्रयास किया गया था, लेकिन पुलिस द्वारा समय पर रिपोर्ट दर्ज नहीं किए जाने से परिवार गहरे सदमे में था।


इसी मानसिक तनाव के चलते किशोर ने आज सुबह जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन उससे पहले ही उसकी मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।


मृतक के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में एकत्रित होकर पूंजापुरा-बागली मार्ग पर पहुंच गए और शव को सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि अगर समय पर शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की जाती, तो शायद यह घटना नहीं होती।


प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोपी सुनील मालवीय की तत्काल गिरफ्तारी की मांग के साथ ही उसके मकान पर बुलडोजर चलाने की भी मांग रखी। उनका कहना है कि जब तक आरोपी पर कड़ी कार्रवाई नहीं होगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।


स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। एसडीओपी सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों और परिजनों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


फिलहाल पुलिस द्वारा स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश जारी है, वहीं पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।