16 वर्षीय छात्र ने जहर खाकर दी जान

Advertisement
छतरपुर, विनोद मिश्रा। छतरपुर जिले के बिजावर थाना क्षेत्र के रानीताल/अंधियारा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कक्षा 11वीं का 16 वर्षीय छात्र अरमान सिंह ने जहर खा लिया, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, आज सुबह करीब 5 बजे अरमान ने अपने बड़े पापा को पुकारते हुए कहा—“बड़े पापा मुझे बचा लो… मैं मरना नहीं चाहता, मैंने दवाई खा ली है।” इसके तुरंत बाद वह बेहोश हो गया। परिजनों ने उसे फौरन जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन बच्चे को बचाया नहीं जा सका।
अरमान पढ़ाई में काफी होशियार छात्र था। वह कक्षा 11वीं में पढ़ रहा था और 10 फरवरी से उसके बोर्ड परीक्षा शुरू होने वाली थीं। आत्मघाती कदम उठाने की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। परिवार वाले सदमे में हैं और कोई ठोस कारण सामने नहीं आया है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि छात्र ने जहर क्यों खाया और क्या कोई दबाव या परेशानी थी।
यह घटना स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बनी हुई है। विशेषज्ञों का कहना है कि परीक्षा के दबाव, मानसिक स्वास्थ्य और पारिवारिक मुद्दों पर ध्यान देना जरूरी है। युवाओं में बढ़ते तनाव को देखते हुए काउंसलिंग और जागरूकता की आवश्यकता है।
