देवास, नंदकिशोर गुर्जर। जिले के कांटाफोड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत लोहारदा में बुधवार शाम एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब भेसून मार्ग स्थित उफनते नाले को पार करते समय एक युवक अपनी बाइक सहित तेज बहाव में बह गया। घटना के दौरान मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते किए गए इस प्रयास से युवक की जान बच गई।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में लगातार हो रही तेज बारिश के कारण नदी-नाले और पुल-पुलियों पर पानी का तेज बहाव बना हुआ है। इसके बावजूद कई लोग जोखिम उठाकर उफनते नालों को पार करने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे हादसों की आशंका लगातार बनी हुई है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान उफनते नालों, पुल-पुलियों और जलभराव वाले मार्गों को पार करने का प्रयास न करें तथा अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें।




