टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। जिले के पलेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत महेंद्र महेबा गांव में एक युवक ने शराब के नशे में देर रात अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। आग की लपटों में घिरे युवक की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह आग बुझाकर उसकी जान बचाई। गंभीर रूप से झुलसे युवक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार महेंद्र महेबा गांव निवासी 23 वर्षीय राजाराम कुशवाहा शराब के नशे में पूरी तरह धुत था। बताया जा रहा है कि युवक ने अपने घर से कुछ दूरी पर अचानक अपने ऊपर पेट्रोल उड़ेल लिया और आग लगा ली। पेट्रोल होने के कारण आग ने देखते ही देखते युवक को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया।
घटना के दौरान युवक की चीखें सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और कपड़ों व फट्टों की मदद से आग बुझाई। इसके बाद परिजन और ग्रामीण युवक को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पलेरा लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए छतरपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
फिलहाल युवक ने यह कदम नशे की हालत में उठाया या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। सूचना मिलने के बाद पलेरा पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

