छतरपुर। स्वस्थ जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से आरोग्य भारती की ओर से रविवार को बाबूराम चतुर्वेदी स्टेडियम स्थित श्रीनिवास शुक्ल पवेलियन में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बुजुर्गों के साथ बड़ी संख्या में युवाओं ने भी पहुंचकर शुगर, ब्लड प्रेशर और यूरिक एसिड की जांच कराई।


आरोग्य भारती के विभाग संयोजक एवं प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ. एसआर चतुर्वेदी ने बताया कि शिविर का उद्देश्य लोगों में नियमित स्वास्थ्य जांच की आदत विकसित करना और समय रहते बीमारियों की पहचान कर स्वस्थ जीवन के लिए प्रेरित करना है। शिविर में डॉ. धीरज चौबे, अंबुज शर्मा और संतोष शर्मा ने जांच एवं स्वास्थ्य परामर्श में विशेष सहयोग प्रदान किया। जांच के बाद लोगों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार संतुलित खानपान अपनाने, नियमित व्यायाम करने और स्वस्थ दिनचर्या का पालन करने की सलाह दी गई।


इस अवसर पर योगाचार्य राजू सिंह के साथ ही राम नाम योग मंडल के सदस्यों के अलावा आरोग्य भारती के राजू तिवारी, कमल अवस्थी, अमित अग्रवाल, अवधेश दुबे सहित अन्य योग साधक भी उपस्थित रहे। उन्होंने योग और नियमित व्यायाम के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देते हुए लोगों को प्रतिदिन योग करने के लिए प्रेरित किया। शिविर में पहुंचे लोगों ने निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और विशेषज्ञों द्वारा दिए गए परामर्श की सराहना करते हुए ऐसे आयोजन नियमित रूप से किए जाने की आवश्यकता बताई। अंत में सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।