धार। जिले के धरमपुरी स्थित तारापुर रोड पर एक इलेक्ट्रॉनिक्स एवं फर्नीचर शोरूम के उद्घाटन समारोह के दौरान अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने के समय शोरूम के अंदर करीब 20 से 25 लोग मौजूद थे। धुआं तेजी से फैलने के कारण सभी लोग भीतर फंस गए, जिसके बाद पुलिस, दमकल विभाग और नगर परिषद की टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही धरमपुरी पुलिस, दमकल विभाग और नगर परिषद की टीम मौके पर पहुंच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर परिषद की सीढ़ियों की मदद से शोरूम के कांच तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया और एक-एक कर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन का सहयोग किया, जिससे रेस्क्यू अभियान तेजी से पूरा किया जा सका।
धरमपुरी थाना प्रभारी सरदार सिंह सोलंकी ने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने की वजह इलेक्ट्रिक शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रही है। उद्घाटन समारोह होने के कारण शोरूम में लोगों की संख्या अधिक थी। आग के बाद धुआं तेजी से भरने से लोगों को बाहर निकलने में परेशानी हुई। घटना में धुएं के कारण एक व्यक्ति की तबीयत बिगड़ गई, जिसे तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उपचार कराया गया। हालांकि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
दमकल कर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। प्रशासन अब आग से हुए नुकसान का आकलन करने के साथ ही घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच में जुट गया है।




