मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले के दलौदा थाना क्षेत्र में पैसों के लेन-देन से जुड़े कथित विवाद के बीच एक युवक द्वारा जहरीला पदार्थ पीने का मामला सामने आया है। ग्राम बानीखेड़ी निवासी पर्वत सिंह को घटना के बाद परिजन तत्काल मंदसौर के श्रीराम मोहन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार युवक की हालत फिलहाल स्थिर और खतरे से बाहर बताई जा रही है।


घटना से पहले युवक ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर कुछ लोगों पर पैसों के लेन-देन को लेकर गंभीर आरोप लगाए और न्याय की गुहार लगाई। युवक का दावा है कि उसने साझेदारी के कारोबार में करीब 18 लाख रुपये लगाए थे। इसके अलावा एक थार वाहन की डाउन पेमेंट के लिए भी करीब साढ़े तीन लाख रुपये देने की बात कही है। हालांकि युवक द्वारा लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।


वीडियो में युवक ने आरोप लगाया कि उसे साझेदारी से अलग कर दिया गया और अपनी रकम वापस मांगने पर कथित तौर पर मानसिक दबाव बनाया गया। युवक ने प्रताड़ित करने और धमकियां दिए जाने के आरोप भी लगाए हैं।


मामले की जानकारी मिलने के बाद दलौदा थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस युवक द्वारा लगाए गए आरोपों के साथ ही पैसों के लेन-देन और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।