छतरपुर/बड़ामलहरा, लोकेन्द्र सिंह। थाना क्षेत्र के सूरजपुरा रोड पर बुधवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब कचरे के ढेर में एक महिला का शव दो हिस्सों में पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।


मृतका की पहचान 40 वर्षीय रुखसाना खान, पति बबलेश अहिरवार के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक रुखसाना बीते 4 जुलाई से लापता थीं। बताया जा रहा है कि उनकी पहली शादी उत्तर प्रदेश के महोबा में हुई थी। बाद में उन्होंने सूरजपुरा रोड निवासी बबलेश अहिरवार से दूसरी शादी की थी।


बुधवार शाम करीब 5 बजे पुलिस को सूरजपुरा रोड स्थित कचरे के ढेर में महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। महिला का शव दो हिस्सों में मिलने के कारण प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है।


पुलिस फिलहाल घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। महिला किन परिस्थितियों में लापता हुई और उसकी मौत कैसे हुई, इसका पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों तथा पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा।