दमोह, राजेन्द्र तिवारी। जिले के पथरिया थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की निर्मम हत्या कर दी गई। गढ़ाकोटा निवासी 35 वर्षीय किसान परम उर्फ चिक्कू यादव अपने जीजा के निधन के बाद सागर जिले के शाहपुर थाना अंतर्गत टड़ा गांव गए हुए थे। वहां से लौटते समय जब वे अपनी पत्नी के साथ बाइक से पथरिया होकर दमोह की ओर जा रहे थे, तभी सेमरा बुजुर्ग गांव के पास घात लगाए बैठे आरोपियों ने खूनी वारदात को अंजाम दिया।
बाइक के सामने कार अड़ाकर गिराया, धारदार हथियारों से हमला कर दो-तीन बार चढ़ाई कार
वारदात के समय चिक्कू यादव और उनकी पत्नी आगे बाइक पर थे, जबकि छोटा भाई अनिल यादव दूसरी बाइक से पीछे आ रहा था। सेमरा गांव के पास पहुंचते ही आरोपियों ने चिक्कू की बाइक के आगे अपनी कार मारकर उन्हें नीचे गिरा दिया। इसके बाद आरोपियों ने धारदार हथियारों से हमला किया और फिर तड़पते हुए युवक पर दो से तीन बार कार चढ़ा दी, जिससे वह लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
भाई की हत्या के बदले की कसम: 6 नामजद आरोपियों के खिलाफ पुरानी रंजिश का मामला दर्ज
मृतक के छोटे भाई अनिल यादव के अनुसार, पिम्मू यादव, छोटू यादव, नरेंद्र यादव, बाबूलाल यादव, वीरेंद्र यादव और नीरज यादव ने मिलकर इस घटना को अंजाम दिया है। अनिल ने बताया कि कुछ वर्षों पूर्व उनके परिवार द्वारा आरोपियों के परिवार के एक युवक की हत्या हुई थी। उसी घटना का बदला लेने के लिए आरोपियों ने परिवार के दो लोगों को मारने की कसम खाई थी और आज मौका मिलते ही उसके भाई की हत्या कर दी।
पथरिया पहुंचे एसपी आनंद कलादगी, पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही दमोह पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी तुरंत पथरिया स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर पूरे मामले की विस्तृत जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मर्ग कायम कर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है।
















