छतरपुर, विनोद मिश्रा। शहर के चौपाटी प्रांगण में हिंदू उत्सव समिति के तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय गरबा महोत्सव की चौथी शाम भक्ति और सांस्कृतिक उल्लास से सराबोर रही। इस अवसर पर मध्य प्रदेश वेयरहाउस कॉरपोरेशन के अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त संजय नगायच मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। उन्होंने माता रानी की महाआरती में सहभागिता की और कहा कि इस पावन मंच पर उपस्थित होना उनके लिए सौभाग्य की बात है। श्री नगायच ने कहा कि ऐसे भव्य आयोजनों से समाज में एकता, उत्साह और समरसता का संदेश फैलता है, जो सामाजिक ताने-बाने को मजबूत करने के लिए अत्यंत आवश्यक है।
सनातन संस्कृति के संवर्धन के लिए ऐसे आयोजन बेहद जरूरी: चंद्रभान सिंह
महोत्सव में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रभान सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि सनातन संस्कृति की जड़ों को मजबूत करने और युवा पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने के लिए इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन अति आवश्यक हैं। इस दौरान वरिष्ठ मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. अरविंद सिंह, भाजपा जिला मंत्री अरविंद त्रिपाठी, समाजसेवी शंकर लाल सोनी सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने भी मां दुर्गा का पूजन-अर्चन कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
बेटियों और माताओं की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता: पवन मिश्रा
हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष पवन मिश्रा ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अभिभावकों का अटूट विश्वास ही इस आयोजन की सबसे बड़ी पूंजी और सफलता है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में भाग लेने वाली हर बेटी, माता और बहन की सुरक्षा सुनिश्चित करना समिति का प्राथमिक कर्तव्य है। कार्यक्रम के शुरू होने से लेकर समापन तक सभी प्रतिभागियों से सतत संपर्क रखा जाता है, ताकि परस्पर समन्वय के साथ इस आयोजन को सुरक्षित और भव्य बनाया जा सके।















