छतरपुर। कलेक्टर मृणाल मीना की अध्यक्षता में सोमवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में टीएल बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया, एडीएम विनय द्विवेदी सहित एसडीएम, जनपद पंचायत सीईओ, नगरीय निकायों के सीएमओ एवं जिला अधिकारी उपस्थित रहे।


डीडीए एवं डीएमओ की तीन-तीन दिन की सैलरी काटने के निर्देश दिए


कलेक्टर मृणाल मीना ने सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए शिकायतों का निराकरण नहीं करने पर डीडीए एवं डीएमओ की तीन-तीन दिन की सैलरी काटने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन में शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। जिन सीएमओ को पूर्व में नोटिस जारी किए जा चुके हैं, उनके पुराने नोटिसों का हवाला देते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करें।


कलेक्टर ने सटई, छतरपुर एवं बकस्वाहा के सीएमओ तथा एमपीयूडीसी अधिकारी पर शिकायतों का निराकरण नहीं होने पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि शिकायतों को संतुष्टिपूर्वक बंद कराया जाए। वन विभाग को भी शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण कराने के निर्देश दिए। वहीं, डीडी वेटनरी को कार्यवाही की चेतावनी देते हुए लंबित शिकायतें बंद कराने के लिए कहा।


कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन विभागों में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतें कम होने के बजाय लगातार बढ़ रही हैं, उनके विरुद्ध पूर्व में जारी नोटिसों का हवाला देते हुए कार्यवाही का प्रस्ताव भेजा जाए। शिकायतों के निराकरण में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


चार तहसीलों के तहसीलदारों के विरुद्ध कार्यवाही प्रस्ताव भेजने के निर्देश


राजस्व विभाग की लंबित शिकायतों की समीक्षा के दौरान छतरपुर नगर के तहसीलदार पीयूष दीक्षित, छतरपुर ग्रामीण के दुर्गेश तिवारी, गौरिहार के संदीप गौंड एवं बकस्वाहा तहसीलदार के यहां 100 दिवस एवं 50 दिवस की शिकायतें बढ़ने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई।


उन्होंने एडीएम विनय द्विवेदी को निर्देश दिए कि संबंधित तहसीलदारों के प्रदर्शन की समीक्षा कर कार्यवाही हेतु प्रस्ताव की फाइल भेजें। साथ ही संबंधित एसडीएम से भी स्पष्टिकरण लिया जाए तथा जारी नोटिसों को उनके अभिलेख में सुरक्षित रखा जाए।


कलेक्टर ने एलडीएम को बैंकों से संबंधित शिकायतों का निराकरण कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा पिछड़ा वर्ग, जनजातीय कार्य, सहकारिता, लोक निर्माण विभाग एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों को लंबित शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के लिए कहा।


स्वामित्व अधिकार में शून्य रजिस्ट्री होने पर पटवारियों पर करें कार्यवाही


कलेक्टर ने स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन कार्य की समीक्षा करते हुए एसडीएम को निर्देश दिए कि स्वामित्व योजना के अंतर्गत रजिस्ट्री कार्य में प्रगति बढ़ाई जाए। जिन पटवारियों की प्रगति शून्य है, उनके विरुद्ध संबंधित एसडीएम कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने योजना के कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।


त्योहारों के मद्देनजर मिलावट के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करें


आगामी त्योहारों को देखते हुए कलेक्टर ने सभी एसडीएम को खाद्य पदार्थों में मिलावट के विरुद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने फूड सेफ्टी ऑफिसर को कार्यवाही के साथ संबंधित मामलों में एफआईआर दर्ज कराने के लिए कहा।


कलेक्टर ने एफएसओ वंदना जैन को विगत दिनों अवैध गुटखा से संबंधित मामले में एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही की जाए, ताकि आमजन को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।


नरवाई जलाने से रोकने के लिए किसानों को करें जागरूक


कलेक्टर ने कृषि अधिकारी को आरटीओ के समन्वय से नरवाई प्रबंधन एवं रोकथाम के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसान संगठनों एवं हार्वेस्टर संचालकों के साथ बैठक आयोजित कर नरवाई नहीं जलाने के संबंध में समझाइश दी जाए।


इसके साथ ही ग्राम स्तर पर समितियों का गठन करने तथा किसानों को जागरूक करने के लिए दीवार लेखन कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने नरवाई जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया।