इंदौर, रविकांत वर्मा। शहर में महिला सुरक्षा, यातायात नियमों के उल्लंघन और सक्रिय गुंडे-बदमाशों पर नजर रखने के लिए पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान लगातार जारी है। शनिवार रात पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कई संदिग्धों पर कार्रवाई की।
डीसीपी नरेंद्र रावत के अनुसार, शनिवार रात इंदौर शहर में विशेष अभियान चलाया गया। इसके तहत महिला सुरक्षा, ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन और सक्रिय गुंडे-बदमाशों की निगरानी की गई। राजेंद्र नगर क्षेत्र में ऑपरेशन सीक्रेट मिडनाइट चलाया गया। इस अभियान के तहत महिला पुलिसकर्मियों को सिविल ड्रेस में हॉटस्पॉट, भीड़भाड़ वाले इलाकों और पूर्व में वारदात वाले स्थानों पर भेजा गया, ताकि महिलाओं पर गलत नजर रखने या संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों की पहचान की जा सके। कार्रवाई के दौरान करीब 15 से 20 लोगों को थाने लाकर समझाइश दी गई और उनका डोजियर तैयार किया गया।
वहीं, आजाद नगर थाना क्षेत्र के मूसा खेड़ी चौराहा और आसपास की कॉलोनियों में भी विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस ने करीब 25 से 30 संदिग्धों की जांच की। इस दौरान एक चोरी का वाहन बरामद हुआ, जिसे छोड़कर आरोपी मौके से फरार हो गया। ड्रिंक एंड ड्राइव की जांच में भी कार्रवाई करते हुए मोटर व्हीकल एक्ट की धाराओं में प्रकरण बनाए गए।
इसके अलावा देर रात स्टूडेंट एरिया में चेकिंग के दौरान ब्लैक फिल्म लगी स्कॉर्पियो से बेसबॉल बैट बरामद हुआ। वाहन चालक पर चालानी कार्रवाई की गई और बैट जब्त किया गया। वहीं दो लोगों के पास से चाकू मिलने पर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।











