बैतूल, सुरेन्द्र बावने। प्रधानमंत्री के जन्मदिन एवं सरकार की सफलता के 25 वर्ष के अवसर पर जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत रविवार को नगर परिषद चिचोली द्वारा तपश्री खेल मैदान में एक दिवसीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में नगरीय क्षेत्र के सभी 15 वार्डों से नागरिक अपनी समस्याएं और आवेदन लेकर पहुंचे।
शिविर में विभिन्न योजनाओं एवं समस्याओं से संबंधित कुल 78 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 65 आवेदनों का मौके पर ही तत्काल निराकरण किया गया। शेष 13 आवेदनों को समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए। इस दौरान हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना, पीएम स्वनिधि, बीपीएल पात्रता पर्ची सहित विभिन्न योजनाओं के स्वीकृति पत्र एवं लाभ वितरित किए गए।
संबल योजना के तहत पात्र परिवारों को अनुग्रह राशि भी प्रदान की गई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए नागरिकों से पात्रतानुसार योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष डॉ. वर्षा रितेश मालवीय, उपाध्यक्ष श्रीमती वर्षा संजय आंवलेकर, वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल सिंह कुशवाहा, भाजपा नेता आशुतोष मालवीय, शंकरराव चढ़ोकार, संजय आंवलेकर, अमन आंवलेकर, प्रकाश कटारे, गोलू जैन, अमित देरा पांडे, अलकेश राठौर, पुनीत राठौर, अंकित आर्य, श्रीमती रानी गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रशासनिक अमले से तहसीलदार श्याम सिंह उईके, मुख्य नगरपालिका अधिकारी जी.आर. देशमुख एवं बीआरसी नीरज गलफट विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन महेश्वर भलावी ने किया।
शिविर में मिले योजनाओं के लाभ
शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना के स्वीकृति पत्र, लाड़ली लक्ष्मी योजना के स्वीकृति पत्र, पीएम स्वनिधि के स्वीकृति पत्र, बीपीएल पात्रता पर्ची तथा संबल योजना के अंतर्गत अनुग्रह एवं अंत्येष्टि सहायता राशि पात्र हितग्राहियों को प्रदान की गई। नगर परिषद और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी पूरे समय नागरिकों की समस्याओं के निराकरण में जुटे रहे।











