सतना, अंबिका केशरी। सतना रेलवे स्टेशन पर शनिवार तड़के स्वास्थ्य सेवाओं की कथित लापरवाही का मामला सामने आया, जहां प्रसव पीड़ा से तड़प रही एक गर्भवती महिला ने स्टेशन के यात्री प्रतीक्षालय में ही नवजात शिशु को जन्म दिया। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि समय पर जननी एक्सप्रेस और चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध नहीं होने के कारण महिला का प्रसव स्टेशन परिसर में ही कराना पड़ा।


जानकारी के अनुसार, महिला प्रतीक्षालय में अकेली थी और तेज प्रसव पीड़ा से कराह रही थी। वहां मौजूद महिला यात्रियों ने तत्काल जननी एक्सप्रेस को फोन कर सहायता मांगी, लेकिन काफी देर तक एम्बुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों का यह भी आरोप है कि जिला अस्पताल ले जाने के लिए पैसे मांगे जा रहे थे, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।


करीब एक घंटे तक इंतजार के बाद भी जब कोई चिकित्सकीय सहायता नहीं मिली तो सुबह लगभग 4:22 बजे टिकट काउंटर के सामने ही महिला ने नवजात शिशु को जन्म दिया। मौके पर मौजूद महिला यात्रियों ने मानवता का परिचय देते हुए प्रसूता की सहायता की और सुरक्षित प्रसव कराया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्रसूता का नाम खुशबू बताया गया है। बताया गया कि उसका पति उसे प्रतीक्षालय में छोड़कर कहीं चला गया था।


घटना के बाद जच्चा और बच्चा जिला अस्पताल पहुंचे या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। वहीं इस पूरे मामले ने जननी एक्सप्रेस, आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं और जिला अस्पताल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।