अजयगढ़, मोहम्मद मुस्तकीन। अजयगढ़ नगर स्थित रवि मोबाइल शॉप में हुई लाखों रुपये के मोबाइल फोन चोरी की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने चोरी की घटना को अंजाम देने वाले शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए सभी मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं।


जानकारी के अनुसार बीती रात अज्ञात चोर ने रवि मोबाइल शॉप में घुसकर लाखों रुपये कीमत के महंगे मोबाइल फोन चोरी कर लिए और मौके से फरार हो गया। चोरी की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर दुकान संचालक ने अजयगढ़ थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।


मामले को गंभीरता से लेते हुए अजयगढ़ थाना पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश शुरू की। लगातार की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को छतरपुर जिले से गिरफ्तार कर लिया।


पुलिस पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल कर ली, जिसके बाद उसके कब्जे से चोरी किए गए सभी मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।


अजयगढ़ थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी की वारदात का शीघ्र खुलासा होने पर व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की है।