मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। लंबे इंतजार के बाद मंदसौर जिले में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हुआ है। झमाझम बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। कई घरों में बारिश का पानी घुसने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा, वहीं सड़कों पर पानी भरने से आवागमन भी प्रभावित हुआ। बारिश के बाद नगर पालिका की जल निकासी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
इसी बीच जिले के सुवासरा नगर स्थित रेलवे अंडरपास का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में अंडरपास में नाले का पानी भरा होने के बावजूद एक कार चालक पानी के बीच से वाहन निकालने की कोशिश करता नजर आ रहा है। पानी की गहराई का अंदाजा नहीं होने के कारण कार बीच पानी में फंस गई। घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार को पानी के बीच फंसा देखा जा सकता है।
बताया जा रहा है कि लगातार बारिश के चलते सुवासरा रेलवे अंडरपास में नाले का पानी भर गया था। इसके बावजूद कार चालक ने अंडरपास से निकलने का प्रयास किया, जिसके चलते वाहन पानी में फंस गया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इधर, मंदसौर शहर में भी देर रात हुई तेज बारिश के बाद कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनी। कुछ इलाकों में बारिश का पानी घरों में घुसने की शिकायत सामने आई। सड़कों पर पानी भरने से लोगों को आवाजाही में परेशानी हुई।
अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लेने के लिए कलेक्टर दिव्यांक सिंह देर रात मौके पर पहुंचे। उन्होंने जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण कर मौके पर मौजूद अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक इंतजामों का जायजा लिया।
अचानक हुई तेज बारिश ने एक बार फिर शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है। स्थानीय लोगों ने जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान और नालियों की बेहतर सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था की मांग की है।




