भोपाल, जीतेन्द्र यादव। वर्ग-1 शिक्षक भर्ती 2023 में पदों की संख्या बढ़ाने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का राजधानी भोपाल के नीलम पार्क में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन पांचवें दिन भी जारी है। प्रदर्शनकारी शिक्षक वर्ग-1 में 10 हजार पद बढ़ाने के साथ ही वर्ग-2 में 3 हजार और वर्ग-3 में 25 हजार पदों पर नियुक्तियां किए जाने की मांग कर रहे हैं।


प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सरकार की ओर से अब तक उनकी मांगों को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की गई है। पांच दिन से धरना जारी रहने के बावजूद सरकार की तरफ से कोई प्रतिनिधि उनसे मिलने नहीं पहुंचा और न ही किसी तरह का आश्वासन दिया गया है।


आंदोलन के दौरान एक शिक्षक ने अन्न-जल त्याग दिया है। उन्होंने कहा है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक वे अन्न-जल ग्रहण नहीं करेंगे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


शिक्षकों का कहना है कि उनका आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक सरकार पद वृद्धि और नियुक्तियों से जुड़ी उनकी मांगों को स्वीकार नहीं करती। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से जल्द बातचीत कर समस्या का समाधान करने की मांग की है।