मुंबई। साउथ सिनेमा के सुपरस्टार अभिनेता सूर्या अपनी दमदार अदाकारी और अलग-अलग तरह के किरदारों के लिए जाने जाते हैं। अपने लंबे करियर में उन्होंने कई ऐसी फिल्में दी हैं, जिनमें उनके अभिनय के अलग-अलग रंग देखने को मिले हैं। अब सूर्या अपनी आने वाली फिल्म 'विश्‍वनाथ एंड सन्स' को लेकर काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं।यह एक पारिवारिक मनोरंजन फिल्म है, जिसमें रिश्तों, प्यार, भावनाओं और कॉमेडी का खूबसूरत मिश्रण देखने को मिलेगा। फिल्म के ऑडियो लॉन्च के मौके पर सूर्या ने फिल्म से जुड़ी कई बातें साझा कीं और कहा कि यह फिल्म उनके करियर में एक नई पहचान जोड़ने वाली साबित होगी।

कोयंबटूर में फिल्म के ऑडियो लॉन्च कार्यक्रम में शामिल हुए सूर्या ने बताया कि उन्होंने पहले ही फिल्म देख ली है और फिल्म जिस तरह से तैयार हुई है, उससे वह बेहद खुश हैं। उन्होंने कहा कि फिल्म की कहानी और उनके किरदार को जिस तरह से पेश किया गया है, वह काफी खास है। सूर्या ने निर्देशक वेंकी अटलुरी की सोच और लेखन की जमकर तारीफ की।

निर्देशक वेंकी अटलुरी की तारीफ करते हुए सूर्या ने कहा, ''वेंकी ने कहा कि उन्होंने मेरे साथ काम करने का सपना देखा था, लेकिन मुझे लगता है कि यह सपना मैंने देखा था। मुझे उनकी फिल्म 'लकी भास्कर' बहुत पसंद आई थी। उनकी कहानी कहने का तरीका मुझे काफी पसंद आया, और इसी वजह से मैं उनके साथ काम करने को लेकर उत्साहित था।''

सूर्या ने आगे कहा कि उनके करियर में कई निर्देशकों ने उन्हें अलग-अलग पहचान दी है। उन्होंने कहा, ''अलग-अलग निर्देशकों ने मुझे अलग-अलग पहचान दी है। मेरे लिए 'विश्‍वनाथ एंड सन्स' एक और नई पहचान लेकर आएगी। यह पहचान मुझे वेंकी अटलुरी ने दी है। काफी लंबे समय बाद मैंने ऐसा किरदार निभाया है, जो मेरे लिए बेहद खास है।''

अभिनेता ने फिल्म की कहानी और किरदारों की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि वेंकी अटलुरी की लेखनी में रिश्तों को समझने और उन्हें पर्दे पर खूबसूरती से दिखाने की खासियत है। सूर्या ने कहा, ''मैं उनकी लेखन शैली का फैन हूं। इस फिल्म में तीन महिला किरदार हैं और उन्होंने इन किरदारों को बहुत ही खूबसूरती से लिखा है। हर किरदार की अपनी अहमियत है और दर्शक उनसे जुड़ पाएंगे।''

फिल्म के बारे में बात करते हुए सूर्या ने कहा, '''विश्‍वनाथ एंड सन्स' एक ऐसी फिल्म है, जिसे देखने के बाद दर्शकों के चेहरे पर मुस्कान बनी रहेगी। फिल्म में परिवार, रोमांस और कॉमेडी को बहुत अच्छे तरीके से जोड़ा गया है। इसमें सभी किरदारों को जिस तरह से पेश किया गया है, उसका प्रभाव पूरी कहानी के दौरान बना रहेगा।"

उन्होंने कहा, ''यह फिल्म रिश्तों की खूबसूरती को दिखाएगी। जब दर्शक इसे देखेंगे तो उनके चेहरे पर पूरी फिल्म के दौरान मुस्कान रहेगी। इसमें परिवार की भावनाएं हैं, रोमांस है और लगातार कॉमेडी भी देखने को मिलेगी। यह एक पूरी तरह से मनोरंजक फिल्म है, जिसे प्रशंसकों और उनके परिवारों को ध्यान में रखकर बनाया गया है।''

बता दें कि 'विश्‍वनाथ एंड सन्स' का निर्माण सूर्यदेवरा नागा वामसी और साई सौजन्या ने किया है। फिल्म में ममता बैजू मुख्य भूमिका में नजर आएंगी, जबकि अभिनेत्री राधिका सरथकुमार भी एक महत्वपूर्ण किरदार निभा रही हैं। फिल्म 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।