मैहर, नरेन्द्र पटेल। विश्व पर्यावरण दिवस सप्ताह के अवसर पर मैहर जिले में पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर व्यापक जनजागरण अभियान चलाया गया। जिला कलेक्टर विदिशा मुखर्जी के मार्गदर्शन में जिलेभर में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनमें नागरिकों, सामाजिक संगठनों, उद्योगों तथा युवाओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
जिले में बीते एक सप्ताह से पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के लिए लगातार गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को प्रकृति के संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण तथा सतत विकास के प्रति जागरूक किया जा रहा है। विभिन्न स्थलों पर आयोजित आयोजनों में हजारों लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और हरित भविष्य के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया।
इसी क्रम में मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा 3 जून को मैहर के घंटाघर क्षेत्र एवं अमरपाटन के रीवा तिराहा में आकर्षक नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया गया। कलाकारों ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से जल संरक्षण, वायु एवं ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण, स्वच्छता, प्लास्टिक मुक्त जीवन तथा वेस्ट मैनेजमेंट जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जनजागरूकता का संदेश दिया।
नुक्कड़ नाटकों और जागरूकता कार्यक्रमों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रमों के दौरान पर्यावरण संरक्षण को केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य बताते हुए लोगों से दैनिक जीवन में पर्यावरण हितैषी आदतें अपनाने का आह्वान किया गया।

