छत्तीसगढ़/बिलासपुर, रोहित तिर्की । शुक्रवार देर रात सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ। हालात बिगड़ने पर मौके पर पहुंची पुलिस को भी भीड़ के विरोध का सामना करना पड़ा। पुलिस पर पथराव किए जाने की सूचना है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़कर भीड़ को तितर-बितर किया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात सिटी कोतवाली क्षेत्र में किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसके बाद मौके पर पथराव शुरू हो गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिस पर भी कथित तौर पर पथराव किया गया। हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने सख्ती बरतते हुए आंसू गैस के गोले छोड़े और भीड़ को मौके से खदेड़ा।
पथराव की घटना में कुछ पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, कितने पुलिसकर्मी या अन्य लोग घायल हुए हैं, इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए देर रात बिलासपुर कलेक्टर और एसएसपी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। एहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने हालात पर नजर बनाए रखी है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और हिंसा व पथराव में कौन-कौन लोग शामिल थे, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उपद्रव करने वालों की पहचान करने में जुटी है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।




