छतरपुर, संजय अवस्थी। केन-बेतवा लिंक परियोजना से प्रभावित ग्राम ढोढऩ के ग्रामीण मंगलवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में पहुंचे और मुआवजा न मिलने की समस्या से प्रशासन को अवगत कराया। ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की कि प्रभावित परिवारों को समय पर और उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।


ग्रामीणों का आरोप है कि परियोजना के तहत कई पात्र परिवार अब भी मुआवजे से वंचित हैं, जबकि उनके मकानों को हटाने और ध्वस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इससे प्रभावित परिवारों के सामने आवास और आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।


ग्राम ढोढऩ निवासी दीपचंद्र यादव ने बताया कि उनके पिता का ऑपरेशन होना है, लेकिन अब तक मुआवजे की राशि नहीं मिलने से आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा पात्र व्यक्तियों को योजना का लाभ देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अभी तक राशि का भुगतान नहीं हुआ है।


वहीं खिलन यादव ने बताया कि गांव के लगभग 200 परिवार परियोजना से प्रभावित हैं। अधिकांश लोगों को अब तक मुआवजा नहीं मिला है, जबकि मकान गिराने के आदेश जारी हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि जब तक मुआवजा नहीं मिलता, तब तक परिवारों के सामने रहने और जीवनयापन की गंभीर समस्या बनी रहेगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर सभी पात्र परिवारों को मुआवजा दिलाने की मांग की है।