पन्ना/गुनौर, जीतेन्द्र रजक। जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत सरवारा में नारी शक्ति सम्मान कार्यक्रम का आयोजन उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में गुनौर विधायक डॉ. राजेश कुमार वर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और क्षेत्र की महिलाओं का उत्साहवर्धन किया।
महिलाओं को भेंट की गईं साड़ियां
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के सामाजिक योगदान को सराहते हुए उनका अभिनंदन किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि द्वारा महिलाओं को उपहार स्वरूप साड़ियों का वितरण किया गया, जिससे उपस्थित महिलाओं में काफी प्रसन्नता देखने को मिली।
परिवार और समाज में महिलाओं की भूमिका पर जोर
आयोजन के दौरान वक्ताओं ने समाज और परिवार के विकास में महिलाओं की अहम भूमिका पर प्रकाश डाला। महिला सशक्तिकरण के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा गया कि सशक्त नारी ही मजबूत समाज की नींव है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान और सकारात्मक सोच को और अधिक सुदृढ़ करना था।
गणमान्य नागरिकों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में सरपंच प्रीति मिश्रा, सरपंच प्रतिनिधि रानू मिश्रा, पंचायत सचिव कौशलेंद्र चौरसिया और रोजगार सहायक राकेश सोनी ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इनके साथ ही बड़ी संख्या में स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामवासी भी कार्यक्रम में शामिल हुए, जिससे पूरा आयोजन सफलता पूर्वक संपन्न हुआ।











