छतरपुर, संतोष शिवहरे। छतरपुर के वार्ड नंबर 8, सरानी दरवाजा निवासी प्रजापति परिवार पर दबंगों द्वारा जानलेवा हमला करने और लगातार जान से मारने की धमकियां देने का मामला सामने आया है। अखिल भारतीय प्रजापति कुम्भाकार संघ शाखा छतरपुर के बैनर तले पीड़ित परिवार और संघ के सदस्यों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।


आवेदन और पीड़ितों के बयानों के अनुसार, 6 अक्टूबर 2026 की शाम मामूली विवाद के बाद ब्रजमोहन भारती, रानी भारती, संजय भारती, संगीता भारती, आदित्य भारती और संस्कार भारती ने हरिदास प्रजापति, विमलेश प्रजापति और लक्ष्मी प्रजापति पर लाइसेंसी बंदूक और अवैध हथियारों से हमला किया था। आरोप है कि बंदूक की बट से छाती पर वार कर गंभीर रूप से घायल किया गया। हालांकि, थाना कोतवाली पुलिस ने इस मामले में केवल मामूली धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की जबकि गंभीर धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत कोई कार्रवाई नहीं की गई।


पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी पक्ष रसूखदार और दबंग है, जो लगातार घर जलाने और जान से मारने की धमकियां दे रहा है। स्थिति यह है कि डरा-सहमा परिवार न्याय के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है। संघ और पीड़ित परिवार ने एसपी से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर एफआईआर में हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराएं जोड़ी जाएं, आरोपियों के हथियारों की वैधता की जांच हो और परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए।