भोपाल, जीतेन्द्र यादव। मध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन विधानसभा परिसर के भीतर आयोजित की गई कार्यमंत्रणा समिति की एक अत्यंत महत्वपूर्ण और उच्चस्तरीय बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गई है। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक का मुख्य उद्देश्य चालू मानसून सत्र के दौरान सदन के भीतर होने वाले विभिन्न विधायी कार्यों का सुचारू व शांतिपूर्ण संचालन सुनिश्चित करना तथा सत्र की तय समय-सीमा का बेहतर उपयोग करना था, जिस पर विस्तार से मंथन किया गया।
शीर्ष नेतृत्व रहा मौजूद, विधायी कार्यों के सुचारू संचालन पर बनी सहमति
इस उच्चस्तरीय बैठक में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ। मोहन यादव, विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार तथा संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच इस बात पर पूर्ण सहमति बनी कि जनता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों, शासकीय विधेयकों और अनुपूरक बजट पर सार्थक व शांतिपूर्ण चर्चा कराई जाए, जिससे सदन का समय जनहित के मुद्दों में सही तरीके से उपयोग हो सके।
यूसीसी विधेयक और अनुपूरक बजट मांगों पर चर्चा के लिए तय हुआ समय
कार्यमंत्रणा समिति की इस बैठक में सरकार द्वारा लाए जा रहे अति महत्वपूर्ण विधेयकों विशेष रूप से समान नागरिक संहिता (यूसीसी) विधेयक—तथा बजट की अनुपूरक मांगों पर विस्तृत बहस के लिए समय का आवंटन किया गया। इसके साथ ही विपक्ष द्वारा उठाए जाने वाले जनहित के ज्वलंत मुद्दों और जनसमस्याओं पर चर्चा कराने के लिए भी पारदर्शी व्यवस्था और समय-सीमा निर्धारण को लेकर दोनों पक्षों के बीच सहमति बन गई है।




