भोपाल, जीतेन्द्र यादव। मध्य प्रदेश विधानसभा परिसर में सोमवार को कांग्रेस विधायक दल ने किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों ने खाद संकट, सरकारी खरीदी में कथित गड़बड़ी और किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिलने के मुद्दे पर सरकार को घेरा।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस विधायकों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा प्रदेश के कृषि मंत्री के मुखौटे पहनकर सांकेतिक विरोध दर्ज कराया। विधायकों ने सरकार पर किसान विरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश का किसान खाद की कमी, फसलों की खरीदी में अव्यवस्था और मुआवजे की समस्याओं से जूझ रहा है, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के बजाय केवल दावे कर रही है।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि किसानों के हितों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कांग्रेस विधायक दल ने सरकार से किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने, खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान विधानसभा परिसर में कुछ देर तक राजनीतिक माहौल गर्म रहा और कांग्रेस ने किसानों के मुद्दे को सदन के भीतर और बाहर मजबूती से उठाने का ऐलान किया।




